सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। यह दिन हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री यादव स्वतंत्रता दिवस-2025 समारोह की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य और जिला स्तरीय समारोह पूर्ण हर्ष, गरिमा और जनभागीदारी के साथ आयोजित हों।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश सभी जिलों में लाईव प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद जिलास्तरीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं, विकास गतिविधियों, निवेश, कृषि और सिंचाई से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल पर बैठक व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी आवश्यकता बताई और सभी नागरिकों से समारोह में सहभागी बनने की अपील की।
बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्रीगण, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने गरिमा के अनुरूप नवाचारों के सुझाव दिए और तैयारियों की जानकारी साझा की।

#स्वाधीनतादिवस #राष्ट्रीयअस्मिता #मुख्यमंत्रीडॉयादव #देशप्रेम #स्वतंत्रभारत