सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में मंत्रालय में मध्यप्रदेश सरकार के योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के व्यक्तित्व विकास केंद्र के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी प्रदेश के दीर्घकालिक विकास रोडमैप विजन@2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। समझौते के तहत दोनों संस्थाएं जल संरक्षण, सतत् कृषि, ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, गौधन संवर्धन, नशामुक्ति और सामाजिक कल्याण जैसे विविध क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगी। यह सहयोग पीपीपी मॉडल को बढ़ावा देगा और योजनाओं के प्रभावी मूल्यांकन, सर्वेक्षण और नीतिगत निर्णयों में तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा।
समारोह में अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय शुक्ला, मप्र राज्य नीति आयोग के ऋषि गर्ग, आर्ट ऑफ लिविंग संस्था से रोहन जैन और अजित भास्कर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। आर्ट ऑफ लिविंग, जो पद्म विभूषण रविशंकर द्वारा स्थापित संस्था है, देशभर में क्षमता विकास, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती, नशामुक्ति और युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था का केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारों के साथ अनुभवपूर्वक सहयोग रहा है, और यह समझौता मध्यप्रदेश में विकास के नए आयाम खोलने में सहायक सिद्ध होगा।

#विजन2047 #मप्रसरकार #आर्टऑफलिविंग #समझौतापत्र #स्थायीतविकास #जनहित_साझेदारी