सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने भोपाल को-ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक लिमिटेड की बैरसिया शाखा का भ्रमण किया। उन्होंने सहकारिता के विस्तार ऊर्जा संरक्षण सदस्यता महाअभियान एवं हरित सहकार अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऊर्जा संरक्षण एवं वोकल फॉर लोकल का आह्वान
प्रशासक महेंद्र यादव ने वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट के परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में किए गए ईंधन बचाओ–ऊर्जा बचाओ के आह्वान को रेखांकित किया। उन्होंने सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से संबद्ध सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वोकल फॉर लोकल अभियान को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रशासक यादव द्वारा हरित सहकार अभियान के माध्यम से पर्यावरण संवर्धन एवं ग्रामीण विकास को नवीन दिशा प्रदान करने पर मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम महाअभियान के अंतर्गत बैंक मुख्यालय एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के स्तर पर पौधरोपण के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण निष्ठा एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कृषक कल्याण एवं सदस्यता महाअभियान
प्रशासक यादव ने कृषक कल्याण वर्ष 2026 के संकल्प की दिशा में 14 अप्रैल से 30 जून 2026 तक संचालित किए जा रहे सदस्यता महाअभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान में प्रदेश के अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, जिससे कृषक वर्ग को सहकारिता का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।
ई-विकास प्रणाली एवं किसानों से संवाद
किसानों को सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने के दृष्टिगत, प्रशासक यादव ने ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन के माध्यम से सुचारू खाद वितरण व्यवस्था तथा अन्य समसामयिक विषयों पर किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने बी-पैक्स संस्थाओं की आगामी वार्षिक आमसभा में चयनित सदस्य किसानों को सम्मानित किए जाने का सकारात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किया जिससे कृषकों का मनोबल और सहकारिता के प्रति उनका विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अभय प्रधान भोपाल को-ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गीतेश लिल्होरे, विपणन अधिकारी निमेष शाही तथा बैरसिया शाखा के प्रबंधक समीउल्लाह कुरैशी उपस्थित रहे।
#सदस्यतामहाअभियान #हरितसहकार #समीक्षा #सहकारिताआंदोलन #पर्यावरणसंरक्षण #सरकारीयोजना #मध्यप्रदेश #भोपाल #अभियान #विकास