सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस वर्ष की थीम म्यूज़ियम्स यूनाइटिंग अ डिवाइडेड वर्ल्ड के अनुरूप कार्यक्रम में विज्ञान, संस्कृति, विरासत एवं शिक्षा से संबंधित विविध गतिविधियों एवं प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:00 बजे आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल परिसर में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. थल्लाडा भास्कर, निदेशक, सीएसआईआर- प्रगत पदार्थ तथा प्रक्रम अनुसंधान संस्थान, भोपाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, भोपाल द्वारा खनिजों एवं शैलों की पहचान विषय पर आधारित विशेष प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। प्रदर्शनी में वैज्ञानिक डिमॉन्स्ट्रेशन किट के माध्यम से विभिन्न खनिजों एवं शैलों की पहचान की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। साथ ही, पृथ्वी विज्ञान, खनिज अन्वेषण एवं भूवैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के महत्वपूर्ण योगदानों को भी प्रदर्शित किया गया। प्रतिभागियों ने भूविज्ञान से संबंधित जानकारी को व्यवहारिक रूप में समझते हुए विशेष रुचि दिखाई।


इसी क्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, भोपाल मंडल द्वारा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन पर आधारित जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी में पुरातात्विक खोजों, प्राचीन स्मारकों, उत्खनन से प्राप्त अवशेषों एवं दुर्लभ छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। विशेष रूप से जिला मुरैना स्थित बटेश्वर मंदिर समूह में किए गए संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कार्यों को दर्शकों द्वारा विशेष सराहना प्राप्त हुई।


कार्यक्रम के अंतर्गत अमेज़िंग फिजिक्स एक्सपेरिमेंट्स नामक नवीन प्रदर्शन का शुभारंभ भी किया गया, जिसमें भौतिकी के विभिन्न सिद्धांतों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण प्रयोगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त ट्राय योरसेल्फ ज़ोन तथा माय म्यूज़ियम एक्सपीरियंस (फीडबैक वॉल एवं सेल्फी प्वाइंट प्रतिभागियों के आकर्षण का केंद्र रहे, जहाँ आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए।

इसके साथ ही आंचलिक विज्ञान केन्द्र भोपाल, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल के सहयोग से मानव संग्रहालय परिसर में आकाश दर्शन एवं खगोल विज्ञान सत्र का आयोजन कर रहा है। इस सत्र में प्रतिभागियों को उन्नत दूरबीनों की सहायता से क्रेसेंट मून एवं शुक्र ग्रह के अवलोकन का अवसर प्राप्त होगा। विशेषज्ञों द्वारा खगोलीय पिंडों एवं अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित रोचक जानकारियाँ भी साझा की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विज्ञान, विरासत संरक्षण एवं खगोल विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली।

#अंतर्राष्ट्रीय_संग्रहालय_दिवस #भोपाल #आंचलिक_विज्ञान_केन्द्र #विज्ञान #संग्रहालय #शिक्षा #संस्कृति #MuseumDay