सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) भोपाल इकाई द्वारा “जीएसटी: कर सरलीकरण, नागरिक सशक्तिकरण” विषय पर 8वां जीएसटी दिवस समारोह रविंद्र भवन, भोपाल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मानस रंजन मोहंती, मुख्य आयुक्त, सीमा शुल्क, सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क (म.प्र. एवं छ.ग.) ने की। मुख्य अतिथि के रूप में श्री नव रतन सोनी, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (म.प्र. एवं छ.ग.) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एमएसएमई सहित विभिन्न करदाताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया, वहीं अधिकारियों को उत्कृष्ट कर प्रशासन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्य आयुक्त ने अधिकारियों को करदाताओं के अनुकूल वातावरण तैयार करने और सुगम अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।यह समारोह “जीएसटी पखवाड़ा” का समापन भी था, जो 16 से 30 जून तक विभिन्न शहरों में आयोजित किया गया। इस दौरान कर संगोष्ठियाँ, हेल्प डेस्क, और सुविधा केंद्रों के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया गया।जीएसटी प्रणाली को गंतव्य आधारित, आईटी-सक्षम और आत्म-नियामक बताया गया, जिससे व्यापारियों को निर्बाध इनपुट टैक्स क्रेडिट मिलता है। 2024-25 में भारत का सकल जीएसटी संग्रह ₹22.08 लाख करोड़ रहा, जबकि म.प्र. का हिस्सा ₹44,780 करोड़ रहा।

डेलॉयट सर्वे में 85% उत्तरदाताओं ने जीएसटी को सकारात्मक बताया। जीएसटी के 9वें वर्ष में प्रवेश के साथ, सरकार कर अनुपालन को सरल बनाने और व्यापार सुगमता को प्राथमिकता दे रही है।
#जीएसटी_दिवस #भोपाल_समारोह #कर_सरलीकरण #जीएसटी_2025 #वित्त_विकास #कर_सुधार