सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  कर्नाटक   :  कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार एक बाइक सवारी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में उन्होंने हेब्बल फ्लाईओवर लूप के निरीक्षण के लिए एक दोपहिया वाहन का उपयोग किया था, जिस पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चलते ₹18,500 का चालान लंबित था। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, बीजेपी ने उन्हें घेर लिया और सवाल उठाए।

बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जिस बाइक पर शिवकुमार सवार थे, उस पर कुल 34 ट्रैफिक उल्लंघन दर्ज थे। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइव करना और वन-वे में प्रवेश जैसे नियमों का उल्लंघन शामिल था।

हालांकि अब वाहन मालिक ने आरटी नगर ट्रैफिक पुलिस थाने में पहुंचकर चालान की राशि का भुगतान कर दिया है। यह मामला 5 अगस्त को हुए निरीक्षण के दौरान सामने आया, जब शिवकुमार ने खुद बाइक चलाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया था।

इस घटना से एक बार फिर वीआईपी लोगों द्वारा नियमों की अनदेखी को लेकर बहस छिड़ गई है। हालांकि डिप्टी सीएम ने खुद हेलमेट पहनकर बाइक चलाई थी, लेकिन जिस वाहन का इस्तेमाल हुआ, उस पर भारी जुर्माना पहले से लंबित था।

#डीकेशिवकुमार #बाइकचालान #कर्नाटकराजनीति #ट्रैफिकनियम #हेब्बलफ्लाईओवर