सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंत्रालय स्थित कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों — ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’, ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ तथा ‘यूनिटी मार्च’ की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। मंत्री सारंग ने सभी आयोजनों की प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स’ का आयोजन दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच किया जाएगा। प्रतियोगिताएं 27 खेलों में ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर होंगी। संभाग मुख्यालयों पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा और विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंत्री सारंग ने कहा कि इन खेलों का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।
‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’ के अंतर्गत डिजिटल क्विज़ 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अब तक 64,000 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया है। चयनित प्रतिभागी आगामी निबंध प्रतियोगिता में भाग लेंगे, और अंतिम चरण में कुछ प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। मंत्री सारंग ने कहा कि ये सभी आयोजन युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करेंगे।

#युवा_खेल_आयोजन #विश्वाससारंग #खेलोएमपी #यंगलीडर्सडायलॉग #यूनिटीमार्च