सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गोवा पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्ट्रीट रेस की मेजबानी करेगा। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घोषणा की कि गोवा स्ट्रीट रेस 2025 1 और 2 नवंबर को आयोजित की जाएगी। यह रेस इंडियन रेसिंग फेस्टिवल का चौथा राउंड होगी। रेसिंग ट्रैक हेडलैंड सादा बोगदा में 3.214 किमी लंबा ओशनफ्रंट सर्किट होगा।
RPPL चेयरमैन और एमडी अखिलेश रेड्डी ने बताया कि ट्रैक में 12 से 14 तेज मोड़ होंगे और इसे FIA ग्रेड-3 सर्टिफिकेशन के अनुसार तैयार किया जाएगा। इसमें यूरोप से मंगाए गए सेफ्टी बैरियर्स, कंक्रीट ब्लॉक्स और डेब्रिस फेंसिंग भी शामिल होंगे। फॉर्मूला 4 कारें 180-190 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ेंगी। दर्शक क्षमता 15,000 से 20,000 तक होगी, जिसमें अतिरिक्त स्टैंड्स भी लगाए जाएंगे।
इस आयोजन के लिए कुल निवेश 127 करोड़ रुपये रखा गया है, जिसमें 70% RPPL और 25 करोड़ रुपये गोवा सरकार द्वारा खर्च किए जाएंगे। ट्रैक निर्माण में केवल 3-3.5 महीने का समय लगेगा और रेस के 15-20 दिन बाद सड़क आम जनता के लिए खुल जाएगी।
मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि यह इंफ्रास्ट्रक्चर सिर्फ रेसिंग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका इस्तेमाल मैराथन, साइक्लोथॉन और अन्य खेल आयोजनों के लिए भी किया जाएगा। इस कदम से गोवा की पहचान “सन, सैंड एंड सी” से आगे बढ़कर स्पोर्ट्स टूरिज्म तक जाएगी।
सेलेब्रिटी टीम ओनर्स जैसे सौरव गांगुली, जॉन अब्राहम, अर्जुन कपूर और सुदीप की उपस्थिति से दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ेगी।
#गोवास्ट्रीटरेस #GoaStreetRace #स्पोर्ट्सटूरिज्म #FIAट्रैक #मोटरस्पोर्ट