सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल    : मशहूर फैशन ब्रांड अरमानी के संस्थापक और दिग्गज फैशन डिजाइनर जियोर्जियो अरमानी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। कंपनी ने 4 सितंबर को आधिकारिक रूप से उनके निधन की जानकारी दी। अरमानी का जन्म 11 जुलाई 1934 को इटली के पियासेंजा शहर में हुआ था। फैशन की दुनिया में उन्होंने अपने अनूठे डिजाइनों और इटैलियन स्टाइल को वैश्विक पहचान दिलाई।

1975 में अपने बिजनेस पार्टनर सर्जियो गैलियोटी के साथ अरमानी ब्रांड की नींव रखी गई थी। उनकी खासियत यह रही कि वे हमेशा अपनी कंपनी के अकेले मालिक और निवेशक बने रहे। यह बात उन्हें अन्य बड़े फैशन हाउसेज से अलग करती थी।

अरमानी को 1980 की हॉलीवुड फिल्म अमेरिकन जिगोलो से खास पहचान मिली, जिसमें रिचर्ड गेयर ने उनके डिजाइन किए सूट पहने थे। इसके बाद उन्होंने पावर ड्रेसिंग को नया आयाम दिया और खासकर महिलाओं के लिए पैंटसूट्स को लोकप्रिय बनाया। केट ब्लैंचेट, जूलिया रॉबर्ट्स और लियोनार्डो डिकैप्रियो जैसे सितारों ने उनके डिजाइन पहने।

अरमानी न सिर्फ कपड़ों तक सीमित रहे बल्कि उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट, कॉस्मेटिक्स और इंटीरियर डिजाइनिंग में भी अपनी पहचान बनाई। वे बास्केटबॉल के शौकीन थे और इटली की टीम ‘ओलंपिया मिलानो’ को स्पॉन्सर भी करते थे।

फोर्ब्स के मुताबिक, 2025 में उनकी नेटवर्थ 12.1 बिलियन डॉलर यानी करीब 1 लाख करोड़ रुपए थी। फैशन जगत में उनका योगदान अमूल्य है और उनकी पहचान ‘किंग जियोर्जियो’ के रूप में हमेशा बनी रहेगी।

#जियोर्जियोअरमानी #अरमानी #फैशनडिजाइनर #इटैलियनस्टाइल #Armani