सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन मध्यप्रदेश में आयोजित डिज़ाइन शिविर 4.0 के तीसरे दिन प्रतिभागियों ने क्ले डिज़ाइन और गेम डिज़ाइन की रोचक एवं अनुभवात्मक कार्यशालाओं के माध्यम से रचनात्मकता, नवाचार और सीखने का अनूठा अनुभव प्राप्त किया।

प्रतिभागियों को बेहतर सहभागिता और केंद्रित प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु दो समूहों में विभाजित किया गया। एक समूह ने अदिति शर्मा, धीरज चुघ एवं प्रमोद मार्शल द्वारा संचालित क्ले डिज़ाइन कार्यशाला में भाग लिया, जहाँ प्रतिभागियों ने मिट्टी के माध्यम से आकार, बनावट, संतुलन और त्रिआयामी रूपों की समझ विकसित की। प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाओं को सृजनात्मक मॉडल्स में परिवर्तित करते हुए हाथों से सीखने की प्रक्रिया का आनंद लिया।

दूसरे समूह ने मयंक शर्मा, शुभम सौरभ एवं वैभव पाठक द्वारा संचालित गेम डिज़ाइन कार्यशाला में भाग लिया। इस कार्यशाला में प्रतिभागियों ने खेलों के माध्यम से स्टोरीटेलिंग, टीमवर्क, यूज़र इंटरैक्शन और समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। रोचक गतिविधियों और समूह आधारित अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों ने जाना कि गेम्स केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सीखने, संवाद और नवाचार का प्रभावशाली साधन भी हो सकते हैं।


पूरे दिन कार्यशालाओं में जिज्ञासा, सहभागिता, प्रयोगधर्मिता और सहयोगात्मक सीखने का वातावरण बना रहा। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए डिज़ाइन को अवलोकन, कल्पना और नवाचार की प्रक्रिया के रूप में अनुभव किया।
डिज़ाइन शिविर 4.0 युवा प्रतिभागियों को रचनात्मक सोच, समस्या समाधान और नवाचार की दिशा में प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभर रहा है।

#डिज़ाइन_शिविर_4_0 #नवाचार #रचनात्मकता #युवा_प्रतिभा #कौशल_विकास #डिज़ाइन_लर्निंग #शिक्षा_समाचार #Innovation