सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल   /   अहमदाबाद  :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद जिले के हंसलपुर स्थित सुजुकी मोटर प्लांट में कंपनी के पहले वैश्विक रणनीतिक बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) ‘ई-विटारा’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसे अब 100 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा।

मारुति सुजुकी, जो भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है, ने इस इलेक्ट्रिक कार को पहली बार जनवरी 2025 में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में प्रदर्शित किया था। कंपनी की योजना भारत को वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन हब बनाने की है।

सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन की चार भारतीय इकाइयों की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता 26 लाख यूनिट है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 19.01 लाख यूनिट बेचे और 3.32 लाख यूनिट का निर्यात किया। अब ‘ई-विटारा’ के वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत मंगलवार से हंसलपुर प्लांट में कर दी गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पहल न केवल भारत की आत्मनिर्भरता को मज़बूत करेगी बल्कि देश को हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाएगी। ‘ई-विटारा’ को भारत सरकार के ईवी मिशन और मेक इन इंडिया कार्यक्रम की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस लॉन्च से भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में क्रांतिकारी बदलाव होगा और देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन और निर्यात को नया आयाम मिलेगा।

#पीएममोदी #ईविटारा #इलेक्ट्रिकवाहन #गुजरात #मारुतिसुजुकी