सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी निफ्ट भोपाल में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, रचनात्मकता और देशभक्ति के अद्वितीय संगम के रूप में मनाया गया। तिरंगे के रंगों से सजा परिसर राष्ट्रीय गर्व और एकता की भावना से सराबोर था। कार्यक्रम का संचालन द्वितीय वर्ष एक्सेसरी डिज़ाइन विभाग की छात्राओं रुपम सिंह और जिया सोनी ने किया।
राष्ट्रीय ध्वज फहराना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह की शुरुआत प्रातः 9:30 बजे संस्थान के निदेशक अखिल सहाई द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और ‘जन गण मन’ के गायन के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन के पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का क्रम शुरू हुआ। द्वितीय वर्ष की छात्राओं अश्लेशा और देवयानी की भावपूर्ण सरस्वती वंदना ने माहौल को प्रेरणादायक बना दिया। तृतीय वर्ष की अदिति सिंह ने “ऐ मेरे वतन के लोगों” गीत से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया, वहीं प्रथम वर्ष की मान्नत के मोनोलॉग और तृतीय वर्ष की राजेश्वरी नायर की कविता ने देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया। इसके बाद संस्थान की सांस्कृतिक टीम ने ऊर्जावान समूह नृत्य प्रस्तुत किया।


राष्ट्रीय हथकरघा पखवाड़ा थीम पर फैशन रैंप वॉक कार्यक्रम में राष्ट्रीय हथकरघा पखवाड़ा थीम पर आधारित फैशन रैंप वॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें छात्रों ने विभिन्न ड्रेपिंग शैलियां प्रदर्शित कीं। ये शैलियां हथकरघा पखवाड़ा के दौरान आयोजित ड्रेपिंग वर्कशॉप में सिखाई गई थीं, जो पारंपरिक बुनावट और आधुनिक डिज़ाइन का अद्भुत संगम थीं।
निदेशक का प्रेरक संबोधन और विशेष पहल अपने संबोधन में निदेशक अखिल सहाई ने सबसे कम उम्र के स्वतंत्रता सेनानियों से लेकर वीरांगनाओं तक की प्रेरक कहानियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए आत्मअनुशासन और सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण आवश्यक है।

इस वर्ष विशेष पहल के तहत पास की झुग्गी बस्ती से 30 बच्चों को आमंत्रित करने की पहल स्वयं निदेशक अखिल सहाई ने की, ताकि ये बच्चे निफ्ट जैसे राष्ट्रीय संस्थान का अनुभव लें, प्रेरित हों और आगे पढ़ाई कर देश का गौरव बढ़ा सकें। कार्यक्रम के अंत में इन बच्चों को अध्ययन किट भी भेंट की गई।
प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण ‘राष्ट्रीय हथकरघा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित छात्र प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वहीं, फैकल्टी प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित हुईं। सर्वश्रेष्ठ परिधान (पुरुष फैकल्टी) का पुरस्कार प्रभात कुमार झा को और (महिला फैकल्टी) का पुरस्कार अंजलि गुप्ता को मिला। हर घर तिरंगा अभियान के तहत निबंध लेखन और पोस्टर बनाने की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण निदेशक अखिल सहाई, कैंपस एकेडमिक कोऑर्डिनेटर देबोज्योति गांगुली और क्लस्टर इनिशिएटिव कोऑर्डिनेटर अनुपम सक्सेना द्वारा किया गया।


आत्मनिर्भर भारत का संदेश अपने संबोधन में डॉ. देबोज्योति गांगुली (सीएसी) ने आत्मनिर्भर भारत के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा और विशेष आयोजन कार्यक्रम का समापन तिरंगा यात्रा के साथ हुआ, जो इस वर्ष तीन चरणों में आयोजित की गई — पहला चरण: तिरंगा प्रदर्शनी और प्रतियोगिता, दूसरा चरण: सुरक्षा मार्च पास्ट एवं हर घर तिरंगा सेल्फी, और तीसरा चरण: तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं तिरंगे की रोशनी से सजी विशेष लाइटिंग। तिरंगा प्रदर्शनी 15 अगस्त तक परिसर में जारी रही। तिरंगा यात्रा में छात्र, फैकल्टी सदस्य और अतिथि राष्ट्रीय ध्वज लेकर गर्व से आगे बढ़े। इस अवसर पर एसडीएसी (छात्र विकास गतिविधि समन्वयक) बैसाखी, रिज़वान, फैकल्टी सदस्य और आमंत्रित बच्चे भी उपस्थित रहे।
निफ्ट भोपाल का यह आयोजन न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है, बल्कि कला, संस्कृति और नवाचार के माध्यम से भारत की विविधता को सम्मान देने का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।

#NIFTभोपाल #स्वतंत्रतादिवस2025 #देशभक्ति #भोपालसमाचार #सांस्कृतिककार्यक्रम