सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  भारत की सरकारी तेल रिफाइनरियों ने रूस से कच्चे तेल की खरीद को फिलहाल रोक दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने अगले बाइंग साइकल में रूस से स्पॉट मार्केट (तत्काल खरीद) में तेल न खरीदने का फैसला किया है। यह निर्णय अक्टूबर में लोड होने वाले तेल पर लागू होगा।

माना जा रहा है कि यह कदम अमेरिका के बढ़ते दबाव का नतीजा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में भारत के निर्यात पर टैरिफ दोगुना करके 50% कर दिया, जो रूस से भारत के तेल आयात को जारी रखने के प्रति असंतोष का संकेत है। अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से कच्चे तेल की खरीद पूरी तरह बंद कर दे, ताकि रूस-यूक्रेन युद्ध पर दबाव बढ़ाया जा सके।

सूत्रों के मुताबिक, सरकारी रिफाइनरियां नए ऑर्डर से पहले केंद्र सरकार से स्पष्ट दिशा-निर्देश का इंतजार कर रही हैं। वहीं, निजी रिफाइनरियां जैसे रिलायंस इंडस्ट्रीज और नायरा एनर्जी अपने पुराने अनुबंधों के तहत रूस से तेल खरीद जारी रखे हुए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि रूस से आयात घटने पर भारतीय रिफाइनरियां मिडिल ईस्ट और अफ्रीकी देशों से तेल खरीद बढ़ा सकती हैं। मिडिल ईस्ट की भौगोलिक निकटता और तेल की विविधता इसे स्वाभाविक विकल्प बनाती है। हालांकि, इस बदलाव से अल्पकालिक ऑपरेशनल चुनौतियां सामने आ सकती हैं, लेकिन आपूर्ति और मांग का संतुलन समय के साथ स्थापित हो जाएगा।

#रूसीतेल #अमेरिकीदबाव #भारतरूसव्यापार #मिडिलईस्टतेल #तेलआयात