सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के बाद अब फ्रांस में भी बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी आंदोलन शुरू हो गया है। राजधानी पेरिस समेत 30 से ज्यादा शहरों में करीब 1 लाख लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह आगजनी और तोड़फोड़ की, जिससे हालात बिगड़ गए। सरकार ने हालात पर काबू पाने के लिए 80 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया और अब तक 200 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।
विरोध का कारण हाल ही में संसद में पेश किया गया वह बजट फ्रेमवर्क है जिसमें 44 अरब यूरो (करीब 4 लाख करोड़ रुपये) की कटौती का प्रस्ताव था। पूर्व प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरू ने इसे देश के बढ़ते कर्ज को नियंत्रित करने के लिए जरूरी बताया था। हालांकि, विपक्षी दलों और मजदूर यूनियनों ने इसे आम जनता के खिलाफ करार दिया। उनका कहना है कि इससे पेंशन और सामाजिक योजनाओं में कटौती होगी और आम लोगों पर सीधा असर पड़ेगा।
इसी बजट प्रस्ताव को लेकर हुए विश्वास मत में सरकार हार गई और प्रधानमंत्री बायरू को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। यह पिछले एक साल में चौथी बार है जब फ्रांस में प्रधानमंत्री बदले गए हैं।
वहीं, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे “ब्लॉक एवरीथिंग मूवमेंट” के तहत देशभर में आंदोलन जारी रखेंगे। सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह आंदोलन अब तेजी से फैल रहा है और आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।
#फ्रांसप्रदर्शन #सरकारविरोध #मैक्रों #फ्रांसखबरें #फ्रांसहिंसा