सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल    /   नई दिल्ली  /   मुंबई  :  रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी को बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी फ्रॉड घोषित कर दिया है। इससे पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई)और बैंक ऑफ इंडिया ने उन्हें फ्रॉड घोषित किया था। बैंक ने रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) को 2,462.50 करोड़ रुपए का लोन दिया था, जिसमें से 1,656.07 करोड़ रुपए अब भी बकाया हैं। यह खाता 5 जून 2017 से नॉन परफॉर्मिंग एसेट (एनपीए)है।

ईडी ने 24 जुलाई को अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप से जुड़े 35 से ज्यादा ठिकानों और लगभग 50 कंपनियों पर छापेमारी की थी। इसके बाद 23 अगस्त को सी.बी.आई. ने भी अनिल अंबानी के घर और आरकॉम कार्यालय में कार्रवाई की। सी.बी.आई. ने 2,929 करोड़ रुपए के बैंक फ्रॉड मामले में केस दर्ज किया है।

आरकॉम  के प्रवक्ता ने कहा कि यह मामला 12 साल पुराना है और अनिल अंबानी 2006 से 2019 तक केवल नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे। उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और कहा कि कंपनी कानून का सहारा लेगी। रिलायंस पावर ने भी कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा की कार्रवाई उनके व्यापार और वित्तीय प्रदर्शन पर असर नहीं डालेगी।

बैंकिंग कानून के तहत फ्रॉड घोषित होने के बाद मामला प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा जाता है और लोन लेने वाले को अगले 5 साल तक नया फंड नहीं मिलेगा। रिलायंस कम्युनिकेशंस पर कुल 40,400 करोड़ रुपए का कर्ज है और यह 2019 से दिवालिया प्रक्रिया में है।

#अनिलअंबानी #RCOM #बैंकफ्रॉड #SBI #बैंकऑफबड़ौदा #ED #CBI