भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में टिकट चेकिंग अभियान से राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंडल के वाणिज्य विभाग ने अप्रैल से अक्टूबर 2025 तक के सात महीनों में 3,63,279 मामलों से कुल 23.29 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति की है।

इन मामलों में 1,86,907 बिना टिकट, 1,74,700 अनुचित टिकट, एवं 1,674 बिना बुक किए गए सामान के मामले शामिल हैं। विभाग के सतत अभियान और सख्त जांच के परिणामस्वरूप रेल यात्रियों में जागरूकता भी बढ़ी है।

सिर्फ अक्टूबर माह में ही टिकट चेकिंग के दौरान 49,032 मामलों से 3 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इनमें 25,171 बिना टिकट, 23,665 अनुचित टिकट एवं 196 बिना बुक किए गए सामान के मामले दर्ज किए गए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यह उपलब्धि टिकट चेकिंग स्टाफ के परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

जन संपर्क अधिकारी, पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल ने बताया कि अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में भी रेलवे प्रशासन इसी तरह यात्रियों की सुविधा व रेलवे राजस्व में वृद्धि के लिए प्रयासरत रहेगा।