सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल द्वारा एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला “राजभाषा संवाद 2025” का आयोजन संस्थान परिसर में संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के संवर्धन, संसदीय प्रक्रिया में उसके उपयोग तथा वैश्विक पटल पर हिंदी की भूमिका पर गंभीर मंथन करना था। मुख्य अतिथि रवीन्द्र शुक्ल, पूर्व शिक्षा एवं कृषि मंत्री, उत्तर प्रदेश (अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष, हिंदी साहित्य भारती) ने अपने वक्तव्य में कहा कि सम्पूर्ण संस्कृति हिन्दी के साथ ही जीवित रह सकती है। उन्होंने कहा कि भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान, परंपराएं और जीवन मूल्यों की संवाहक है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र का हिस्सा है।

प्रथम सत्र में श्री देवी प्रसाद मिश्र, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विश्व हिंदी परिषद ने “संसदीय प्रश्नावली, उत्तर एवं प्रक्रिया” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने संसदीय कार्यप्रणाली में हिंदी की भूमिका, चुनौतियों एवं संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों एवं मंत्रालयों में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नीतिगत मार्गदर्शन प्रदान किया।
साहित्य अकादमी के निदेशक विकास दवे ने “राजभाषा से विश्वभाषा की ओर” विषय पर वक्तव्य देते हुए कहा कि “यदि हम डिजिटल माध्यमों और वैश्विक मंचों पर हिंदी को सशक्त रूप से प्रस्तुत करें, तो यह निश्चय ही एक विश्वभाषा बन सकती है। संस्थान निदेशक व नराकास अध्यक्ष सी.सी. त्रिपाठी के कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता और सक्रियता ही इसे सशक्त बना सकती है। उन्होंने कहा कि निटर भोपाल निरंतर प्रयासरत है कि शासकीय कार्यों में हिंदी का अधिकतम उपयोग हो और सभी कार्मिक राजभाषा नियमों का पालन करें और कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान को अपने कार्यालयों में क्रियान्वित करें।
कार्यशाला समन्वयक पी. के. पुरोहित ने बताया कि इस कार्यशाला का आयोजन देशभर के नराकास कार्यालयों के मध्य सहयोग एवं संवाद को सशक्त करने हेतु किया गया था। और संस्थान राजभाषा संवाद की श्रृंखला जारी रखेगा। कार्यशाला में समस्त नराकास कार्यालयों से 202 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यशाला का संचालन बबली चतुर्वेदी व शोभा लेखवानी ने किया व आभार ज्ञापन श्री संजय त्रिपाठी, सदस्य सचिव (नराकास) द्वारा दिया गया।
#राजभाषा #हिंदी #निटरभोपाल #राष्ट्रीयकार्यशाला #RajbhashaSamvad2025