सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक), भोपाल की 82वीं अर्द्धवार्षिक बैठक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित की गई। यह बैठक गृह मंत्रालय, भारत सरकार, राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (मध्य), भोपाल के उपनिदेशक नरेंद्र सिंह मेहरा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता धीरेज गोयल, महाप्रबंधक, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा की गई। बैठक में भारतीय रिज़र्व बैंक की क्षेत्रीय निदेशक रेखा चंदनवेली, भारतीय जीवन बीमा निगम की क्षेत्रीय प्रबंधक श्यामा सिकदर तथा नाबार्ड की महाप्रबंधक सी. सरस्वती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन समिति के सदस्य सचिव एवं सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक राजीव तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने अवगत कराया कि यह बैठक इसलिए भी विशेष रही क्योंकि इस वर्ष भारत सरकार के राजभाषा विभाग की स्थापना की स्वर्ण जयंती भी मनाई जा रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को चिह्नित करने हेतु “प्रदक्षिणा” शीर्षक से हिन्दी प्रेरणा सामग्री का विमोचन किया गया, जो संविधान निर्माण तथा हिन्दी के संवर्धन में योगदान देने वाले महापुरुषों को समर्पित है।
बैठक के दौरान समिति से संबद्ध अनेक कार्यालयों में हुए नेतृत्व परिवर्तन की जानकारी दी गई एवं सभी नवपदस्थ अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके कार्यकाल में समिति के उद्देश्यों को नई दिशा मिलने की आशा व्यक्त की गई।
महाप्रबंधक गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिन्दी मात्र भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकता का सूत्र है। उन्होंने हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों एवं बीमा कंपनियों के सदस्यों को बधाई देते हुए इसे प्रेरणास्रोत बताया। मुख्य अतिथि मेहरा ने सभी कार्यालयों से 100% हिंदी के प्रयोग का आह्वान करते हुए यह जानकारी साझा की कि वर्ष 2023-24 में उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन हेतु नराकास (बैंक), भोपाल को राजभाषा सम्मान से अलंकृत किया गया, जिसे 17 फरवरी 2025 को आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में प्रदान किया गया था। बैठक में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 बैंकों एवं 6 बीमा कंपनियों के कुल 48 कर्मियों तथा हिंदी प्रतियोगिताओं के 27 विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2024-25 की राजभाषा शील्ड प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कार्यालयों को सम्मानित किया गया:
बैंक श्रेणी:
प्रथम स्थान: केनरा बैंक , द्वितीय स्थान: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, तृतीय स्थान: पंजाब नैशनल बैंक
प्रोत्साहन पुरस्कार (संयुक्त): यूको बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया,
बीमा श्रेणी:
प्रथम स्थान: भारतीय जीवन बीमा निगम, द्वितीय स्थान: भारतीय कृषि बीमा कंपनी, तृतीय स्थान: न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी , प्रोत्साहन पुरस्कार (संयुक्त): ओरिएंटल इंश्योरेंस एवं यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस
इस अवसर पर नाबार्ड भोपाल को उनके विशिष्ट राजभाषा योगदान हेतु विशेष राजभाषा पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
#राजभाषा #हिंदीप्रोत्साहन #भाषासम्मान #नगरराजभाषासमिति #हिंदीकार्यक्रम