सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना (सीआरडब्ल्यूएस), निशातपुरा, भोपाल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 'अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026' का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाडे के संरक्षण तथा संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी संदीप शर्मा के निर्देशन में कारखाना में संपन्न हुआ।
राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में कारखाना के विभिन्न विभागों एवं शॉपों के रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के राजभाषा हिंदी, भाषा एवं साहित्य, भारतीय रेल के कार्यकलापों तथा समसामयिक विषयों से संबंधित ज्ञान का मूल्यांकन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
संपर्क राजभाषा अधिकारी संदीप शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि कारखाना स्तर पर इस प्रकार की हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का यह प्रथम आयोजन है, जिसे प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप अत्यंत व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के लिए तीन अलग-अलग प्रश्नपत्र तैयार किए गए तथा उत्तर देने हेतु ओएमआर आधारित उत्तर-पत्रक का उपयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि कारखाना स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय स्तर की हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं क्षेत्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित अखिल भारतीय स्तर की हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पश्चिम मध्य रेल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता के दौरान प्रशांत नरसिंहपुर, सेवानिवृत्त सहायक कार्य प्रबंधक, सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, भोपाल ने पर्यवेक्षक के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाडे ने अपने संदेश में कहा कि "हिंदी प्रतियोगिताओं का एकमात्र उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति स्वस्थ एवं ज्ञानवर्धक प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार करना है।" उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल कर्मचारियों के ज्ञान एवं व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं, बल्कि सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को भी प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में स्वस्थ बौद्धिक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना तकनीकी उत्कृष्टता के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन में भी अपनी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को आगामी क्षेत्रीय एवं रेलवे बोर्ड स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प दोहराया गया।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #सफल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #आरडब #वयन