सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में भोपाल संभाग की विकास योजनाओं और शासकीय नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक दक्षिण पश्चिम भोपाल भगवानदास सबनानी, सांची विधायक प्रभुराम चौधरी, शमशाबाद विधायक सूर्यप्रकाश मीणा, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा एवं बैरसिया विधायक विष्णु खत्री सहित अन्य जिलों के विधायक वीसी के माध्यम से जुड़े। कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह, सभी जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। राजगढ़, विदिशा, रायसेन और सीहोर के कलेक्टर्स ने भी वीसी के जरिए बैठक में भाग लिया। अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी , नल-जल योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और योजनाओं के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

उन्होंने कलेक्टर्स को स्वास्थ्य सेवाओं, स्कूलों और आंगनवाड़ियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी कमी या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। बैठक में अमृत-2.0 योजना के तहत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों का संधारण समय पर किया जाए और शहरों के बाहरी हिस्सों में बहुद्देश्यीय विकास परियोजनाओं का निर्माण कर नियोजित शहरी विकास सुनिश्चित किया जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान, दोहरे प्रभार वाले अधिकारियों की नियमित समीक्षा और बांधों के लिए अधिग्रहित भूमि का शीघ्र नामांतरण भी बैठक में चर्चा का हिस्सा रहा। ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए समूह पेयजल योजनाओं को समय पर पूरा करने, नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। शुक्ला ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा के साथ कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

#स्वास्थ्य #शिक्षा #अधोसंरचना #विकास #सरकारीयोजनाएं