बेंगलुरु । ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने कहा है कि आजकल युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं पर अभी उन्हें अपने को साबित करना होगा। सिंधु ने कहा, ‘ उबेर कप और अन्य टूर्नामेंटों में हमने आकर्षी कश्यप और अश्मिता चलिहा जैसे कुछ अन्य खिलाड़ियों को देखा है। उन्हें अपने को साबित करने के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होगा। मुझे भरोसा है कि एक दिन हम महिला वर्ग में भी उबेर कप जीतेंगे। हमें कोर्ट पर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की जरूरत है और इसके लिए यह अहम है कि हर कोई अपना 100 फीसदी दे।’

गौरतलब है कि सिंधु जुलाई में होने वाले बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों से पहले आने वाले समय में अच्छी फॉर्म में रहने और चोट मुक्त रहने की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘अभी मेरा लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में जाने से पहले सिंगापुर ओपन के अलावा इंडोनेशिया और मलेशिया मास्टर्स में खेलना है। यह आसान नहीं होने वाला है, लेकिन मैं अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में रहने और चोट से मुक्त रहने की उम्मीद कर रही हूं।’