मुंबई । पंजाब किंग्स के बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और राशिद खान की तरह ही एक अच्छा गेंदबाजी ऑलराउंडर बनना चाहते हैं। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर टीम इंडिया में जगह बनाने वाले इस स्पिनर ने कहा कि वह बल्लेबाजी में भी बेहतर प्रदर्शन कर टीम में अधिक से अधिक योगदान देना चाहते हैं। इसी लिए उनका ध्यान अपनी बल्लेबाजी को बेहतर करने पर भी है।
हरप्रीत ने कहा कि मैं मुख्य रूप से एक गेंदबाज के रूप में टीम की सेवा करता हूं। इसके लिए टीम में मेरा प्रमुख स्थान है पर इसके साथ ही अगर कोई गेंदबाज बल्लेबाजी कर सकता है, तो यह टीम के लिए हमेशा ही लाभदायक होता है। मैं वर्तमान में अपनी बल्लेबाजी पर काम कर रहा हूं और मैं पिछले दो से तीन महीनों से अच्छा कर रहा हूं।
बरार ने कहा, खेलों में ऐसा होता है कि आपको शुरुआत नहीं मिलती है।
इसलिए अगर मुझे किसी खेल में बल्ले से अच्छी शुरुआत मिलती है, तो मैं निश्चित रूप से बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने और रन बनाने की पूरी कोशिश करूंगा। मैंने यहां बहुत सी नई चीजें सीखी हैं, मैं घर वापस जाकर नेट पर उन पर काम करूंगा। उन्होंने कहा कि वह अगले साल अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि हालांकि इस सीजन में उनकी टीम पंजाब किंग्स को उम्मीद के अनुसार सफलता नहीं मिली पर पर हमने काफी कुछ सीखा है जो महत्वपूर्ण है। बरार ने कहा कि हमने इन चीजों से भी सीखा है। हमने अपनी पूरी कोशिश की है, लेकिन परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आया है। अब हमारा लक्ष्य अगली बार बेहतर प्रदर्शन करना रहेगा।