सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन तथा मध्य प्रदेश समाज सेवा संस्था, आईसीवाईएम, वाईसीएस एवं एमआईजेएआरसी के संयुक्त सहयोग से भोपाल रेलवे स्टेशन पर हरित युवा–हरित भारत अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर यात्रियों एवं आमजन को निःशुल्क फलदार पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक भोपाल आशीष दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुख्यालय अधीक्षक (वाणिज्य) हैरिस लाल, डिप्टी एसएस राकेश तथा सेवानिवृत्त रिजर्वेशन सुपरिटेंडेंट सुरेन्द्र मोहन शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान भोपाल रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को लगभग 500 निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आशीष दुबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल भी पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा ऐसे जन-जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि हैरिस लाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण स्वस्थ जीवन का आधार है। बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने उपस्थित यात्रियों एवं नागरिकों से पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का संकल्प दोहराया गया। आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #वरण #करन #आईस