सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : यूपी में ओले और लखनऊ में बाढ़, बिहार में आठ लाख प्रभावित

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की सूचना है। इससे खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और बारिश का अनुमान जताया है।

राजधानी लखनऊ में बारिश से ज्यादा गोमती नदी के बढ़े जलस्तर ने परेशानी बढ़ाई है। फैजुल्लागंज सहित कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। प्राचीन लेटे हनुमान मंदिर और हनुमत धाम परिसर में भी पानी प्रवेश कर गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज किया है तथा नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। बिहार में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक राज्य के कई जिलों में करीब 8 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गंडक समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी फैल गया है। प्रशासन और आपदा राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में बचाव एवं राहत कार्य चला रहे हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बिहार में 6 से 9 अक्टूबर तक आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाली नदियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #लखनऊ #एनएन #टवर #आईट #बदल #पगढ #इसस #यपमओल