सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /   गुजरात :  गुजरात के साणंद में सीजी पावर की भारत की पहली एंड-टू-एंड सेमीकंडक्टर ओएसएटी पायलट लाइन का उद्घाटन केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने किया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा का ऐतिहासिक प्रतीक है।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह पायलट लाइन सेमीकंडक्टर डिजाइन, निर्माण और डाउनस्ट्रीम क्षमताओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां निर्मित चिप्स का उपयोग ग्राहक योग्यता परीक्षण के लिए होगा और स्वीकृति मिलने के बाद व्यावसायिक उत्पादन शुरू किया जाएगा। मंत्री ने स्किल्ड प्रोफेशनल्स के विकास और युवाओं को वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग से जोड़ने के महत्व पर भी जोर दिया।

सीजी सेमी ओएसएटी सुविधा में चिप असेंबली, पैकेजिंग, परीक्षण और परीक्षण-पश्चात सेवाओं के लिए अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध है। जी-1 संयंत्र प्रतिदिन लगभग 5 लाख यूनिट की क्षमता पर कार्य करेगा और जी-2 सुविधा 2026 के अंत तक 14.5 मिलियन यूनिट प्रतिदिन तक उत्पादन क्षमता बढ़ाएगी।

इस सुविधा से 5,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। उद्घाटन समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री, विधायक और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सीजी सेमी के अध्यक्ष ने इसे राष्ट्रीय उपलब्धि बताते हुए भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

यह पायलट लाइन भारत को सेमीकंडक्टर डिज़ाइन और निर्माण में वैश्विक स्तर पर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

#सेमीकंडक्टर #ओएसएटीपायलटलाइन #CGPower #गुजरातसेमी #भारतटेक्नोलॉजी #आत्मनिर्भरभारत