सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: ग्रेटर नोएडा में PNB के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, बैंक से पैसे लौटाने की मांग तेज

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ:

ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ऐच्छर शाखा से जुड़े करोड़ों रुपये के गबन मामले को लेकर किसानों और खाताधारकों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। पीड़ित खाताधारकों को उनका पैसा वापस दिलाने और दोषी बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बैंक के सामने पंचायत आयोजित की गई। किसान नेता बृजेश भाटी ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इसमें प्रभावित खाताधारकों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि बैंक प्रबंधन की ओर से अब तक कुछ ही लोगों की रकम लौटाई गई है, जबकि बाकी खाताधारक लगातार परेशान हो रहे हैं। किसान नेताओं ने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है और लोगों की जमा पूंजी फंसी होने से परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि सभी पीड़ितों को जल्द से जल्द उनका पूरा पैसा वापस किया जाए।

पंचायत के बाद प्रदर्शनकारी बैंक के अंदर भी पहुंच गए और नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि खाताधारकों को न्याय नहीं मिला तो वे दिल्ली जाकर बैंक के मुख्यालय पर धरना देंगे।

पुलिस के मुताबिक, अब तक 16 खाताधारकों की रकम वापस की जा चुकी है। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है। बैंक प्रबंधन ने शेष खाताधारकों को भी ब्याज सहित पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया है।

AajTak


Hashtags: #UttarPradeshState #Delhi #ग्रेटर #नोएडा #Pnb #खिलाफ #किसानों #प्रदर्शन #बैंक #ग्रेटरनोएडामेंPNB