सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जिला पंचायत भोपाल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत की ग्राम पंचायतों ने स्वयं के राजस्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी मॉडल प्रस्तुत किया है। शासन की मंशा के अनुरूप पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत भोपाल इला तिवारी तथा जनपद पंचायत की सीईओ शिवानी मिश्रा के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की गईं। कर संग्रहण बढ़ाने के लिए विशेष मॉनिटरिंग की गई और पंचायत स्तर पर परिवारों, संस्थाओं एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से देय करों की जानकारी लेकर व्यवस्थित संग्रहण सुनिश्चित किया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 96 ग्राम पंचायतों ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में फरवरी 2026 तक 3 करोड़ 19 लाख 99 हजार 160 रुपये का कर संग्रहण किया। यह उपलब्धि प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 4 करोड़ रुपये से अधिक कर संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस सफलता के पीछे सरपंच, सचिव, टैक्स सखी एवं ग्राम रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सभी ने मिलकर कर संग्रहण को एक जनअभियान का रूप दिया, जिससे पंचायतों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। जनपद पंचायत द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सभी पंचायतें बेहतर प्रदर्शन कर सकें। ग्राम पंचायतों द्वारा एकत्रित राजस्व का उपयोग निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और संचालन एवं अनुरक्षण पर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण विकास को गति मिल रही है। यह पहल स्थानीय स्तर पर वित्तीय स्वावलंबन और प्रभावी प्रशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है, जो अन्य पंचायतों के लिए भी अनुकरणीय साबित हो रही है।

 

#ग्रामपंचायत #राजस्व #ग्रामीणविकास #आत्मनिर्भरता #प्रशासन #भारत