मुम्बई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह भारत के लिए गेम चेंजर (मैच बदलने वाले) खिलाड़ी साबित होंगे। गावस्कर ने कहा कि हार्दिक में गेंद और बल्ले दोनों से तहलका मचाने की क्षमता है। गावस्कर ने कहा, मेरे हिसाब से पांड्या टी20 क्रिकेट में भारत के लिए एक गेम चेंजर साबित होने वाले हैं।

केवल विश्वकप ही नहीं वो भारत के लिए जितने भी मैच खेलेंगे उसमें उनकी भूमिका अहम रहेगी। हार्दिक टीम के लिए भले ही पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आएं या फिर वो शुरुआत या बीच में बदलाव के तौर वर गेंदबाजी करने के लिए आएं वह हमेशा ही टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित होंगे। साथ ही कहा कि मैं उन्हें नई गेंद के साथ भी गेंदबाजी करते हुए देखना चाहता हूं।

पांड्या पीठ की सर्जरी के बाद लंबे समय तक खेल से दूर रहे थे। आईपीएल के 15 वें सत्र में वापसी करते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस की ओर से कप्तानी करते हुए अपनी टीम को शानदार जीत दिलायी थी।