सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अनंत चतुर्दशी के अवसर पर देशभर में गणेश विसर्जन की धूम है। गणेशोत्सव का आज अंतिम दिन है और श्रद्धालु बप्पा को भावभीनी विदाई दे रहे हैं। मुंबई में इस साल लगभग 1.80 लाख से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इनमें 6,500 पंडाल की प्रतिमाएं और करीब 1.75 लाख घरेलू प्रतिमाएं शामिल हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए मुंबई पुलिस ने 21,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। खास बात यह है कि इस बार पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग किया जा रहा है। गिरगांव चौपाटी पर एक एआई बेस्ड कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिससे वाहनों और भीड़ की निगरानी रियल टाइम में की जा रही है। प्रमुख गणपति समितियों को क्यूआर कोड और वाहनों पर विशेष स्टिकर दिए गए हैं ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मुंबई प्रशासन ने विसर्जन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। समुद्र तटों पर 1,175 स्टील प्लेटें लगाई गई हैं, ताकि ट्रक और गाड़ियां रेत में न फंसें। बड़ी प्रतिमाओं के लिए 50 जर्मन राफ्ट, 42 क्रेन और 245 कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र 2,178 लाइफगार्ड और 56 मोटरबोट भी तैनात की गई हैं।
तेलंगाना में शुक्रवार देर रात हुसैन सागर झील में 69 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। देशभर में गणेश विसर्जन के साथ बप्पा को विदाई दी जा रही है और भक्त अगले साल बप्पा के स्वागत का इंतजार कर रहे हैं।
#गणेशविसर्जन #अनंतचतुर्दशी #मुंबई #तेलंगाना #GaneshChaturthi2025 #AIControlRoom