सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अहमदाबाद में बुधवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जिसमें एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 उड़ान भरते ही क्रैश हो गई। यह फ्लाइट लंदन जा रही थी और उसमें कुल 242 यात्री सवार थे। हादसे में सभी यात्रियों की मौत हो गई। इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। विमान दोपहर 1:38 बजे टेकऑफ के दो मिनट बाद, 1:40 बजे, 625 फीट की ऊंचाई पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है। हालांकि शुरुआत में इस खबर को लेकर असमंजस था, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों ने उनके निधन की पुष्टि की है। राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने भी X पर जानकारी दी थी, जिसे बाद में उन्होंने हटा लिया।
बताया जा रहा है कि प्लेन एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास गिरा। टक्कर के बाद आग लग गई और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। बिल्डिंग में अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर रहते थे, जिनमें से 15 घायल बताए जा रहे हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 100 से अधिक शव बरामद हो चुके हैं, लेकिन अधिकांश इतनी बुरी तरह झुलसे हुए हैं कि पहचान करना मुश्किल है। पहचान के लिए DNA टेस्ट की मदद ली जा रही है।
यह हादसा देश के विमानन इतिहास में एक और दर्दनाक त्रासदी बन गया है।
#विजय_रूपाणी #अहमदाबाद_विमान_हादसा #पूर्व_मुख्यमंत्री #विमान_दुर्घटना #गुजरात_समाचार #ब्रेकिंग_न्यूज़