सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की 23वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। रणदीप दिल्ली के केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक, परिवार को शुक्रवार सुबह राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जाना था। मंदिर जाने से पहले पूजा के लिए फूल तोड़ने के उद्देश्य से रणदीप अपने बेटे के साथ फ्लैट की बालकनी में पहुंचे थे। फूल तोड़ने के लिए बालकनी में सीढ़ी लगाई गई थी। इसी दौरान सीढ़ी पर चढ़कर फूल तोड़ रहा आरव अचानक फिसल गया और बालकनी से नीचे लटक गया। बेटे को गिरने से बचाने के लिए रणदीप तुरंत उसकी मदद के लिए आगे बढ़े, लेकिन इस कोशिश में उनका संतुलन भी बिगड़ गया। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बालकनी में फिसलन थी, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में शोक का माहौल है।
Hashtags: #UttarPradeshState #Delhi #बेटे #बचाने #पिता #23वीं #मंजिल #गिरे #सीएनएन #बेटेकोबचानेमें