नई दिल्ली । ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां पहले ही टी20 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने के दौरान 31 रनों की आक्रामक पारी खेली। हार्दिक इस मैच में अच्छे प्रदर्शन के बाद भी आलोचना का शिकार हुए क्योंकि उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान अनुभवी क्रिकेटर दिनेश कार्तिक के साथ सही व्यवहार नहीं किया। हार्दिक ने जिस प्रकार एक रन न लेकर कार्तिक को स्ट्राइक नहीं दी उसकी प्रशंसकों के साथ ही पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने भी आलोचना की है।

हार्दिक की आक्रमक बल्लेबाजी से प्रशंसकों को जितनी खुशी हुई उससे ज्यादा नाराजगी उनके खेलने के इस तरीके पर हुई है। गौरतलब है कि कप्तान ऋषभ पंत के आउट होने के बाद कार्तिक पारी के अंतिम ओवर में बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। कार्तिक पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना सके। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर रन लेकर अपना खाता खोला। अब पंड्या स्ट्राइक पर आ गए।

उन्होंने चौथी गेंद पर छक्का मारा। अगली गेंद पर भी हार्दिक ने मिडविकेट की तरफ शॉट खेला पर वह रन लेने के लिए भागे ही नहीं और इस वजह से कार्तिक को स्ट्राइक नहीं मिली जबकि इस गेंद पर आसानी से एक रन मिल सकता था। आखिरी गेंद पर भी हार्दिक ने दो रन लिए।कार्तिक इस ओवर में 2 गेंद ही खेल पाए।

हार्दिक की इस हरकत पर उनकी आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस के कोच आशीष नेहरा ने भी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, उसे आखिरी गेंद के पहले रन लेना चाहिए था क्योंकि दूसरे छोर पर बल्लेबाज कार्तिक था, नेहरा जैसा कोई गेंदबाज नहीं। वहीं इसके अलावा प्रशंसकों ने भी सोशल मीडिया पर इस ऑलराउंडर की जमकर आलोचना की है।