सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में विश्वप्रसिद्ध भौतिकशास्त्री प्रो. अशोक सेन (आईसीटीएस-टीआईएफआर, बेंगलुरु) द्वारा एकीकृत सिद्धांत की खोज विषय पर लोकप्रिय विज्ञान व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया।
प्रो. सेन विश्व के अग्रणी सैद्धांतिक भौतिकशास्त्रियों में से एक हैं। स्ट्रिंग सिद्धांत एवं क्वांटम गुरुत्वाकर्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण, डिरैक मेडल एवं फंडामेंटल फिजिक्स प्राइज सहित अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
अपने व्याख्यान में उन्होंने ब्रह्मांड के मूलभूत नियमों को एकीकृत रूप में समझने के वैज्ञानिक प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए मूल कणों, स्ट्रिंग सिद्धांत, क्वांटम गुरुत्वाकर्षण तथा ब्लैक होल जैसे विषयों पर सरल एवं प्रभावी शैली में चर्चा की।


विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रो. सेन ने कहा कि करियर चयन की अवस्था में विद्यार्थियों के लिए केवल अध्ययन करना नहीं, बल्कि अवधारणाओं को गहराई से समझना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि जो ज्ञात है और जो अज्ञात है, उनके बीच स्पष्ट भेद करना ही ज्ञान की वास्तविक शुरुआत है।
यह व्याख्यान आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं विज्ञान में रुचि रखने वाले नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
यह कार्यक्रम आईआईएसईआर, भोपाल में आयोजित 20वें एशियाई शीतकालीन स्कूल के अंतर्गत, आईआईएसईआर भोपाल एवं आईसीटीएस-टीआईएफआर, बेंगलुरु के सहयोग से तथा मूर्ति ट्रस्ट के समर्थन से संपन्न हुआ।

#एकीकृतसिद्धांत, #प्रोअशोकसेन, #विज्ञानव्याख्यान, #सैद्धांतिकभौतिकी, #स्ट्रिंगथ्योरी, #भारतीयवैज्ञानिक