सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बच्चे की आंख में सफेद चमक दिखे तो न करें नजरअंदाज, कैंसर का संकेत हो सकता है
नई दिल्ली। बच्चों की आंखों में दिखाई देने वाली सफेद चमक या सफेद प्रतिबिंब को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह कुछ मामलों में रेटिनोब्लास्टोमा नामक दुर्लभ आंख के कैंसर का संकेत हो सकता है। यह बीमारी आंख के पर्दे यानी रेटिना में विकसित होती है और मुख्य रूप से छोटे बच्चों में देखी जाती है। चिकित्सकों के अनुसार, सफेद चमक अक्सर कम रोशनी में या कैमरे की चमक वाली तस्वीरों में दिखाई दे सकती है। इसके अलावा बच्चे की आंख का टेढ़ा होना, आंख में लालिमा या सूजन, लगातार पानी आना, दर्द और देखने में परेशानी भी संभावित संकेत हो सकते हैं।
भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के उपचार संबंधी दिशानिर्देशों में भी आंख में दिखाई देने वाले सफेद प्रतिबिंब और भेंगापन को रेटिनोब्लास्टोमा के महत्वपूर्ण संकेतों में शामिल किया गया है। बीमारी की पहचान जितनी जल्दी होती है, आंखों की रोशनी बचाने और बीमारी को फैलने से रोकने की संभावना उतनी बेहतर रहती है। विशेषज्ञों की सलाह है कि यदि बच्चे की आंख में बार-बार सफेद चमक दिखाई दे, खासकर तस्वीरों में, तो माता-पिता बिना देरी किए नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं। जांच के दौरान आंख के पिछले हिस्से की विस्तृत जांच और आवश्यकता पड़ने पर आंख का अल्ट्रासाउंड किया जा सकता है।
Hashtags: #Health #Bhopal #Desksource #चमक #नजरअ #सकत #DeskSource #एनएन #टवर #आईट