सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अब राजनीति में प्रवेश करने का ऐलान किया है। 2013 बैच की अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर अपने अगले कदम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं जाएंगी, बल्कि आम लोगों के साथ मिलकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी।
दिव्या मित्तल ने कहा कि प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने महसूस किया कि कई बार नियम, मंजूरी और धन उपलब्ध होने के बावजूद आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने स्कूलों के निर्माण, खराब सड़कों, सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल और विद्यार्थियों के भविष्य जैसे मुद्दों का जिक्र किया। उनका कहना है कि राजनीति में आने का उद्देश्य केवल किसी नेता को बदलना नहीं, बल्कि काम करने के तरीके में बदलाव लाना है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा यहीं से शुरू होगी। दिव्या मित्तल ने यह भी कहा कि वह जातीय समीकरणों के आधार पर राजनीति नहीं करेंगी और जनता के मुद्दों को केंद्र में रखेंगी। उन्होंने लोगों से इस नई राजनीतिक पहल में साथ जुड़ने की अपील की है।
दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद इस्तीफा दिया था। उनका इस्तीफा सितंबर में स्वीकार किया गया और इसके बाद वह सरकारी सेवा से अलग हो गईं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर और देवरिया समेत कई जिलों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर रह चुकी हैं।
Hashtags: #Education #Bhopal #Desksource #आईएएस #उतर #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #लखनऊ