सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /   नई दिल्ली :   राजधानी दिल्ली के हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले चाणक्यपुरी इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब तमिलनाडु की लोकसभा सांसद आर. सुधा मॉर्निंग वॉक के दौरान चेन स्नैचिंग की शिकार हो गईं। यह वारदात पोलैंड दूतावास के गेट नंबर 3–4 के पास हुई।

आर. सुधा, जो मयिलादुथुराई से सांसद हैं, ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर न केवल घटना की जानकारी दी, बल्कि राजधानी में महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी उठाए। सुधा ने बताया कि सुबह करीब 6:15 बजे एक स्कूटी सवार व्यक्ति, जिसने हेलमेट पहन रखा था, अचानक उनके पास आया और उनके गले से चेन छीन ली। इस दौरान उनके गले और शरीर पर चोटें भी आईं।

उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक उन्हें सांसद आवास नहीं मिला है, और वे तमिलनाडु भवन में रह रही हैं। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं, लेकिन इस घटना ने उन्हें स्तब्ध कर दिया। दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया है, और लिखित शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इस घटना से न केवल महिला सांसदों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, बल्कि यह भी स्पष्ट हो गया है कि हाई सिक्योरिटी ज़ोन में भी महिलाएं असुरक्षित हैं।

#आर_सुधा #चेनस्नैचिंग #महिलासुरक्षा #दिल्लीघटना #अमितशाह