सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) विवेक भगत को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडिशनल डीसीपी) का करंट ड्यूटी चार्ज देने संबंधी आदेश में बदलाव करने का फैसला किया है। महिला पत्रकारों से कथित बदसलूकी के मामले की जांच के बीच यह फैसला लिया गया है।
सरकार के अनुसार, 5 अक्टूबर को जारी आदेश में विवेक भगत समेत 12 चयन ग्रेड दानिप्स अधिकारियों को अतिरिक्त डीसीपी का करंट ड्यूटी चार्ज दिया गया था। यह प्रक्रिया 25 अगस्त को शुरू हुई थी और मौजूदा विवाद सामने आने से पहले की थी। हालांकि, आदेश जारी होने के बाद विवेक भगत ने स्वयं अनुरोध किया कि मामले की पूरी जांच होने तक उन्हें यह अतिरिक्त कार्यभार न दिया जाए।
दिल्ली सरकार ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए आदेश में संशोधन का निर्णय लिया है। अब बाकी 11 अधिकारियों को अतिरिक्त डीसीपी का करंट ड्यूटी चार्ज दिया जाएगा, जबकि विवेक भगत फिलहाल एसीपी के पद पर ही बने रहेंगे।
दरअसल, जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर कथित उत्पीड़न और बदसलूकी के आरोप लगाए थे। शिकायतों को निष्पक्ष जांच के लिए अपराध शाखा को भेजा गया है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि करंट ड्यूटी चार्ज नियमित पदोन्नति के समान नहीं होता। इससे अतिरिक्त वेतन या नियमित पदोन्नति से जुड़े अन्य वित्तीय लाभ नहीं मिलते। विवेक भगत को दिया गया अतिरिक्त कार्यभार अब जांच पूरी होने तक रोक दिया गया है।
Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #भगत #बदल #एनएन #टवर #आईट #सरक #शनल #ववकभगत