सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गुजरात के भुज एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई समाप्त नहीं हुई है, यह तो केवल शुरुआत है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ ट्रेलर है, समय आने पर पूरी पिक्चर दुनिया को दिखाई जाएगी।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने इस अभियान के जरिए आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को वर्तमान सीजफायर में “बिहेवियर के आधार पर प्रोबेशन” पर रखा गया है और कोई भी चूक सख्त कार्रवाई को आमंत्रित करेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत ने पाकिस्तान को दिन में तारे दिखा दिए। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय वायुसेना की सराहना करते हुए कहा कि 23 मिनट में भारतीय सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया—यह दर्शाता है कि अब भारत आतंकवाद को सहन नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई अब राष्ट्रीय रक्षा नीति का हिस्सा बन चुकी है। भारत की एयरफोर्स अब इतनी सक्षम हो गई है कि बिना सरहद पार किए पाकिस्तान के भीतर किसी भी ठिकाने को निशाना बना सकती है।
साथ ही, राजनाथ ने अंतरराष्ट्रीय मंचों से पाकिस्तान को आर्थिक मदद देने पर चिंता व्यक्त करते हुए IMF से आग्रह किया कि वह अपनी फंडिंग नीति पर पुनर्विचार करे।
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे।
#राजनाथ_सिंह #ऑपरेशन_सिंदूर #भुज_एयरबेस #भारतीय_सेना #आतंकवाद_के_खिलाफ #ब्रह्मोस_मिसाइल #IMF #पाकिस्तान