सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के गोविंदपुरा स्थित एमएसएमई एक्जीबिशन सेंटर में तीन दिवसीय राइजिंग मध्यप्रदेश 2026 प्रदर्शनी में आईसीएमआर-भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) ने स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनहित गतिविधियों के साथ सहभागिता की। प्रदर्शनी में आईसीएमआर द्वारा किए जा रहे नवाचारों अनुसंधान गतिविधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर विश्वास सारंग जी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मध्यप्रदेश शासन ने भी बीएमएचआरसी स्टॉल का अवलोकन किया एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों की सराहना की। दिनभर में 150 से अधिक लोगों ने प्रदर्शनी पहुँचे और विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया।

प्रदर्शनी के पहले दिन बीएमएचआरसी स्टॉल पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों युवाओं एवं आम नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। संस्थान की टीम द्वारा लोगों को सीपीआर के महत्व एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही नेत्रदान के प्रति जागरूक करते हुए लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।

बीएमएचआरसी के विशेषज्ञों ने आगंतुकों को स्तन कैंसर से बचाव समय पर जांच एवं जागरूकता के महत्व के बारे में जानकारी दी। फिजियोथैरेपी विशेषज्ञों ने शरीर को सक्रिय एवं स्वस्थ रखने के लिए उपयोगी सुझाव साझा किए। इसके अतिरिक्त गर्मी एवं लू से बचाव के संबंध में जागरूकता फैलाते हुए लोगों को ओआरएस पैकेट वितरित किए गए।

प्रदर्शनी के दौरान बीएमएचआरसी में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। संस्थान की ओर से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने एवं जनहित सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

#सीपीआर #नेत्रदान #आयुष्मानभारत #स्वास्थ्यजागरूकता #स्तनकैंसरजागरूकता #जनस्वास्थ्य #स्वास्थ्यअभियान