सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल पर मध्यप्रदेश प्रवास पर आए जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल कोच डाइटमर बायर्सडॉर्फर एवं मैनुअल शेफ़र ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक राकेश गुप्ता सहित संयुक्त संचालक बी एस यादव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री यादव ने दोनों अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए उनसे खेल क्षेत्र में अनुभव साझा करने एवं प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने का अनुरोध किया।
कोच डाइटमार बायर्सडॉर्फर ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत में कहा कि भारत में फुटबॉल का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। उन्होंने विचारपुर के खिलाड़ियों के अनुशासन, जुनून और सीखने की उत्सुकता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बताया। उनके अनुसार कठिन परिस्थितियों में भी खिलाड़ियों का समर्पण प्रेरणादायक है और उन्हें बड़े मंच तक ले जा सकता है।
कोच बायर्सडॉर्फर स्वयं विचारपुर के मैदान पर पहुँचे और खिलाड़ियों को आधुनिक फुटबॉल तकनीक, सामरिक रणनीतियों और पेशेवर अनुशासन पर प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया, जो युवा खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
‘मिनी ब्राज़ील’ विचारपुर के खिलाड़ियों ने बताई जर्मनी प्रशिक्षण यात्रा की उपलब्धियाँ
मुख्यमंत्री यादव से मुलाक़ात के दौरान शहडोल जिले के विचारपुर (मिनी ब्राज़ील) से लौटे युवा फुटबॉल खिलाड़ियों ने जर्मनी में प्राप्त उच्च स्तरीय प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों ने बताया कि जर्मनी प्रवास के दौरान उन्हें यूरोपीय फुटबॉल तकनीक, फिटनेस ट्रेनिंग, मैच सिमुलेशन और अंतर्राष्ट्रीय खेल मानकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री यादव ने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई देते हुए भविष्य की राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएँ दीं।
स्पोर्ट्स एक्सचेंज कार्यक्रम पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैठक के दौरान जर्मन प्रशिक्षकों के साथ संभावित जर्मनी–मध्यप्रदेश स्पोर्ट्स एक्सचेंज कार्यक्रम पर प्रारंभिक चर्चा की। इस चर्चा में यह संभावना व्यक्त की गई कि:
भविष्य में प्रदेश की अन्य खेल अकादमियों के खिलाड़ियों को भी जर्मनी में उन्नत प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।फुटबॉल के साथ-साथ अन्य खेलों में भी तकनीकी सहयोग, एक्सचेंज विज़िट, संयुक्त प्रशिक्षण सत्र और कौशल विकास कार्यक्रम विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में आगे बढ़ने से मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के नए अवसर खुल सकते हैं। विभाग द्वारा इन प्रस्तावित पहलुओं पर आगे अध्ययन और आवश्यकता अनुसार कार्ययोजना तैयार की जाएगी।यह पहल प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उल्लेख के बाद मिला वैश्विक पहचान, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुआ प्रशिक्षण
शहडोल जिले के ग्राम विचारपुर, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘मिनी ब्राज़ील’ की संज्ञा दी थी, के खिलाड़ियों को हाल ही में जर्मनी में अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला था। प्रधानमंत्री द्वारा खिलाड़ियों की प्रशंसा के बाद डॉ. मोहन यादव के निर्देशन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने विचारपुर के होनहार फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था करते हुए उन्हें जर्मनी भेजा था।
खेल विभाग ने किया प्रशिक्षण, किट वितरण एवं विदेश यात्रा का सफल संचालन
मुख्यमंत्री के निर्देश पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों को विदेश प्रशिक्षण हेतु पूर्ण व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं। विभाग द्वारा खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल किट, स्पोर्ट्स शूज़, फिटनेस परीक्षण, मेडिकल मूल्यांकन और प्री-डिपार्चर ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए गए।
भारतीय दूतावास एवं जर्मन संस्थाओं के सहयोग से यात्रा, आवास एवं प्रशिक्षण मॉड्यूल का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया।
जर्मन प्रशिक्षकों का विचारपुर एवं भोपाल में खिलाड़ियों से सीधा संवाद
जर्मन कोच डाइटमर बायर्सडॉर्फर और मैनुअल शेफ़र विचारपुर पहुंचे, जहाँ उन्होंने खिलाड़ियों, परिवारजनों और स्थानीय समुदाय से मुलाकात की। दोनों प्रशिक्षक भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रदेश के फुटबॉल खिलाड़ियों से संवाद किया एवं सुझाव दिए।

#मुख्यमंत्रीयादव #जर्मनफुटबॉलकोच #डाइटमरबायर्सडॉर्फर #खेलविकास #फुटबॉलप्रशिक्षण #युवाखेल