सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का श्रवण प्रदेशभर में उत्साहपूर्वक किया गया। मोहन यादव ने इंदौर में और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भोपाल में कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ कार्यक्रम सुना। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के गैर-राजनीतिक विषयों को सामने लाकर समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देशभर की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है और लोगों को प्रेरित करता है कि वे इन विचारों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के निरंतर विकास और वैश्विक पहचान पर भी प्रकाश डाला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।

प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं, महिलाओं और उद्यमशीलता को लेकर दिए गए संदेश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों को नई जानकारी और प्रेरणा प्रदान करता है, जिससे वे अपने जीवन और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग बूथों पर मन की बात का सामूहिक श्रवण किया। इंदौर और भोपाल सहित पूरे प्रदेश में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल रहा। हेमंत खण्डेलवाल ने पेट्रोल-डीजल और गैस की उपलब्धता को लेकर कहा कि देश और प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचना चाहिए और अनावश्यक भंडारण नहीं करना चाहिए। इस अवसर पर इंदौर और भोपाल में कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
#मनकीबात #नरेंद्रमोदी #मुख्यमंत्री #भाजपाअध्यक्ष #जनसंवाद