सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य 01 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान, परिवार एवं अन्य संरचनाओं से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से संकलित कर रहे हैं।
जिला जनगणना अधिकारी श्री भुवन गुप्ता ने बताया कि कई परिवारों द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है, किन्तु कुछ नागरिक अपनी स्व-गणना प्रगणकों के साथ साझा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि प्रगणक के आगमन पर अपनी स्व-गणना अवश्य साझा करें, जिससे समय की बचत होगी तथा परिवार की सही एवं सटीक जानकारी जनगणना में दर्ज की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अभी स्व-गणना नहीं की है, वे प्रगणकों को सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें। प्रत्येक प्रगणक के पास अधिकृत परिचय पत्र उपलब्ध रहता है, जिसे देखकर आमजन उनकी पहचान सुनिश्चित कर सकते हैं।
जिला जनगणना अधिकारी गुप्ता ने बताया कि जनगणना में संकलित समस्त जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 15 के अंतर्गत पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा इसका उपयोग किसी व्यक्ति के विरुद्ध साक्ष्य के रूप में नहीं किया जा सकता। जनगणना की जानकारी केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए उपयोग में लाई जाती है तथा इसे सूचना के अधिकार के तहत भी साझा नहीं किया जाता।
उन्होंने बताया कि जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 8 के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक जनगणना से संबंधित प्रश्नों का सही उत्तर देने के लिए बाध्य है। जानबूझकर गलत जानकारी देने अथवा जानकारी देने से इंकार करने पर दंड का प्रावधान है।
भोपाल जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी देकर जनगणना 2027 को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
#जनगणना #गोपनीय_जानकारी #नागरिक_जिम्मेदारी #सही_जानकारी #सरकारी_अभियान #जनगणना_अभियान #प्रशासन #राष्ट्रीय_समाचार