सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : CBSE 10वीं के छात्रों को राहत, पास होने का नियम नहीं बदला
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए पास होने के नियम को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति साफ कर दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पास होने के मानदंड में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों को किसी विषय में आंतरिक मूल्यांकन और बाहरी परीक्षा के अंकों को मिलाकर न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।
दरअसल, हाल में जारी एक दस्तावेज की भाषा से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच यह भ्रम पैदा हुआ था कि अब आंतरिक मूल्यांकन और बोर्ड परीक्षा में अलग-अलग 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होगा। सीबीएसई ने इस भ्रम को दूर करते हुए कहा कि कक्षा 10वीं में पिछली व्यवस्था ही जारी रहेगी।
बोर्ड के अनुसार, मूल्यांकन व्यवस्था में 80 प्रतिशत बाहरी परीक्षा और 20 प्रतिशत आंतरिक मूल्यांकन का ढांचा बरकरार रहेगा। दोनों को मिलाकर विषय में 33 प्रतिशत अंक हासिल करने पर विद्यार्थी को उत्तीर्ण माना जाएगा। सीबीएसई ने यह भी स्पष्ट किया है कि 2026-27 के प्रश्नपत्रों के प्रारूप और मूल्यांकन व्यवस्था में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सीबीएसई की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए नमूना प्रश्नपत्र तथा अंकन योजनाएं भी जारी की जाएंगी। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों और स्कूलों को परीक्षा के प्रारूप तथा पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयारी में मदद करना है।
इस स्पष्टीकरण के बाद कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को राहत मिली है और अब उन्हें नए अलग-अलग उत्तीर्ण अंक के नियम को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, विद्यार्थियों को प्रत्येक विषय की निर्धारित मूल्यांकन व्यवस्था और परीक्षा संबंधी निर्देशों का ध्यान रखना होगा।
Hashtags: #Education #Bhopal #Desksource #Cbse #10व #बदल #DeskSource #एनएन #टवर #आईट