सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कैरियर कॉलेज के सभागार में वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देना था। साथ ही, उपस्थित लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया। शिविर में सामाजिक न्याय विभाग, महिला एवं बाल विकास, महिला आयोग, राजस्व, पुलिस, स्थानीय निकाय, चिकित्सा एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश भावना साधो एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इस दौरान सरस्वती वंदना और नशा मुक्ति पर गीत प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि भावना साधो ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है, जिससे पारिवारिक और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने विधिक जागरूकता को आवश्यक बताते हुए ऐसे शिविरों को समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मनोहरलाल पाटीदार ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए, वहीं मनोज कुमार सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया की जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त श्रद्धा तिवारी ने नागरिकों से अपराध की सूचना समय पर देने की अपील करते हुए ई-एफआईआर और टोल-फ्री सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल ने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, न्यायाधीशगण, पैनल लॉयर्स, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

#कैरियरकॉलेज #विधिकजागरूकता #कानून #मुफ्तसहायता #सामाजिककार्यक्रम