कैंसर के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान शुरू


सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : विदिशा मेडिकल कॉलेज में दूसरे दिन भी निशुल्क कैंसर जांच शिविर जारी रहा दो दिवसीय इस शिविर में बड़ी संख्या में विदिशा संसदीय क्षेत्र सहित दूसरे जिलों के मरीजों की भी कैंसर जांच की गई। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह सेवा का महायज्ञ लगातार आगे बढ़ रहा है और जांच के दौरान बड़ी संख्या में कैंसर के संदिग्ध मामलों का सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि केवल जांच और परामर्श तक यह अभियान सीमित नहीं रहेगा बल्कि प्रत्येक मरीज के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान टाटा मेमोरियल अस्पताल और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रही।

नशा मुक्ति अभियान से जुड़कर सामाजिक बदलाव का बनें हिस्सा शिवराज सिंह चौहान ने नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि हम सब मिलकर नशे के खिलाफ ऐसी सामाजिक शक्ति खड़ी करेंगे जो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य दे सके। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक लोग 8929629475 पर मिस्ड कॉल देकर या फिर www.shivrajsinghchouhan.co.in वेबसाइट पर जाकर कैटेगरी में अपना पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से गांव-गांव में समितियों का गठन किया जाएगा और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव होता है इसलिए इस अभियान को समाज के हर वर्ग का सहयोग मिलना आवश्यक है।

हर मरीज के उपचार की बनेगी अलग कार्ययोजना
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जांच के लिए आने वाले हर मरीज का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है और उनके मोबाइल नंबर दर्ज कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब सभी मरीजों का वर्गीकरण कर यह तय किया जाएगा कि किसे कीमोथेरेपी किसे रेडियोथेरेपी किसे बायोप्सी और सर्जरी की आवश्यकता है। डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम मरीजों की स्थिति के अनुसार उपचार की रूपरेखा तय करेगी और संबंधित अस्पतालों को चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र मरीजों का उपचार कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी मरीज उपचार से वंचित न रहे और प्रत्येक बहन-भाई का इलाज पूरी जिम्मेदारी के साथ कराया जाए।

कैंसर के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जांच के दौरान यह साफ हुआ है कि विशेष रूप से महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता का अभाव है। संकोच और जानकारी की कमी के कारण कई महिलाएं समय रहते अपनी समस्या नहीं बतातीं जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर और गर्भाशय कैंसर जैसी बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव है लेकिन जांच नहीं होने से उपचार में देरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि उपचार व्यवस्था के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी प्रारंभ किया जाएगा ताकि लोग बिना किसी झिझक के समय पर जांच कराएं और बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही उसका उपचार संभव हो सके।

14 वर्ष तक की बेटियों को HPV वैक्सीन जरूर लगवाएं
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष अपील करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर आज देश की महिलाओं के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं में पाया जाने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है और हर वर्ष देश में इसके एक लाख 20 हजार से अधिक नए मामले सामने आते हैं, जबकि करीब 80 हजार महिलाओं की असमय मृत्यु हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह कैंसर ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण के कारण होता है और चिकित्सा विज्ञान में यह ऐसा कैंसर है जिसकी रोकथाम प्रभावी टीकाकरण से संभव है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 14 वर्ष तक की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं। यह केवल एक टीका नहीं बल्कि बेटियों के स्वस्थ सुरक्षित और कैंसर मुक्त भविष्य का सुरक्षा कवच है। भारत सरकार, सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीका निशुल्क उपलब्ध करवा रही है और वैज्ञानिक शोधों के मुताबिक यह 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि संकोच और जागरूकता की कमी को छोड़कर हर परिवार अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करे, क्योंकि स्वस्थ नारी ही सशक्त भारत की आधारशिला है।

नशा मुक्ति और कैंसर रोकथाम के लिए बनेगा व्यापक रोडमैप
केंद्रीय मंत्री ने बहनों और बेटियों से आत्मीय अपील करते हुए कहा कि यदि स्तन में गांठ, असामान्य बदलाव या कोई अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई दें तो बिना संकोच चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज संभव है, जबकि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी आग्रह किया कि वे महिलाओं को जांच कराने के लिए प्रेरित करें और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय खुलकर सामने आने का वातावरण बनाएं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैंसर का इलाज आवश्यक है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है कि कैंसर होने ही न पाए। इसके लिए तंबाकू सुपारी गुटखा बीड़ी पान मसाला और शराब जैसी आदतों के खिलाफ व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाने का रोडमैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता के माध्यम से लोगों को इन हानिकारक पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम हो सके।
उपचार व्यवस्था के साथ प्रशिक्षण अभियान भी रहेगा जारी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने टाटा मेमोरियल अस्पताल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों के उपचार की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है और साथ ही स्थानीय चिकित्सकों के प्रशिक्षण का कार्य भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों से सीखने का यह अवसर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा। उनका प्रयास है कि कैंसर की रोकथाम समय पर पहचान और बेहतर उपचार की समग्र व्यवस्था विकसित हो जिससे पीड़ित मानवता की प्रभावी सेवा की जा सके।

मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार होंगी बेहतर
विदिशा मेडिकल कॉलेज में रेडियोग्राफी और सोनोग्राफी जैसी सुविधाओं में लगने वाले समय को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज ने कोविड काल सहित चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में महत्वपूर्ण कार्य किया है और इसकी व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री को भी आवश्यक सुविधाओं के विस्तार से अवगत कराया गया है और भविष्य में यहां स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। वहीं केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक चेतना से ही नशे पर रोक लगाई जा सकती है। तंबाकू और गुटखा के सेवन को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार पहले से कई प्रकार के गुटखा उत्पादों पर प्रतिबंध लगा चुकी है लेकिन केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाज को भी जागरूक होकर नशे के खिलाफ आगे आना होगा। सरकार अपनी भूमिका निभाएगी और समाज अपनी जिम्मेदारी निभाएगा तभी इस समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा।

कैंसर के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान शुरू
कैंसर के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान शुरू
कैंसर के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान शुरू
कैंसर के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान शुरू photo 3

Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #उपच #यवस #बदल