अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15 वें सत्र में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) पर सात विकेट से जीत के साथ ही भावुक हो गये। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में टीम गुजरात टाइटंस का मुकाबला करेगी। जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज जोस बटलर ने दिवंगत पूर्व कप्तान शेन वॉर्न को याद करते हुए कहा कि वार्न आज गर्व का अनुभव कर रहे होंगे।

गौरतलब है वार्न की कप्तानी में ही राजस्थान ने साल 200 में हुए पहले आईपीएल खिताब को जीता था। इसके 14 साल बाद अब टीम के पास एक और खिताब जीतने का अवसर है। वॉर्न का इसी साल मार्च में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

मैच जीतने से उत्साहित बटलर ने कहा, ‘मैं इस सत्र में बेहद कम उम्मीदों के सहारे आया था। सत्र सीजन के बीच में ही खराब फॉर्म के कारण मुझ पर थोड़ा दबाव जरूर आया था पर उस समय कुमारा संगाकारा की मिली सलाह से मुझे सहायता मिली। उन्होंने मुझे पिच पर ज्यादा से ज्यादा समय बिताने के लिए कहा. उनकी यह सलाह काम आई और मुझे फॉर्म वापस मिल गया। फाइनल में पहुंचना काफी सुखद है।’

बटलर ने वॉर्न के याद करते हुए कहा, ‘ वॉर्न राजस्थान रॉयल्स के लिए काफी महत्व रखते हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पहला सत्र जिताया था। हम उन्हें बहुत याद करेंगे, पर मुझे भरोसा है कि वह आज हमें बहुत गर्व के साथ देख रहे होंगे।’

बटलर के अलावा राजस्थान टीम के कप्तान संजू सैमसन ने भी वॉर्न को याद किया। मैच जीतने के बाद संजू ने कहा, इस मैदान पर पहले गेंदबाजी के दौरान तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। ऐसे में टॉस लाभदायक साबित हुआ। बटलर जैसे खिलाड़ी का टीम में होना हमारे लिए लाभ की बात है। अब हमें खिताब के लिए केवल एक जीत चाहिये।