सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) के संबंध में कुछ संगठनों द्वारा पैथोलॉजी एवं एक्स-रे सेवाओं को लेकर भ्रामक एवं तथ्यात्मक रूप से अधूरी जानकारी प्रसारित की जा रही है। बीएमएचआरसी स्पष्ट करना चाहता है कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है। संस्थान में मरीजों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न सेवाओं का निरंतर उन्नयन (अपग्रेडेशन) किया जा रहा है।

पैथोलॉजी सेवाएं बंद नहीं की गई हैं। पहले की तरह स्वास्थ्य केंद्रों (मिनी यूनिट्स) में मरीजों के रक्त एवं अन्य आवश्यक नमूने (सैंपल) लिए जा रहे हैं। परिवर्तन केवल इतना किया गया है कि इन नमूनों की जांच अब बीएमएचआरसी की मुख्य पैथोलॉजी प्रयोगशाला में स्थापित अत्याधुनिक एवं स्वचालित मशीनों पर की जा रही है। फरवरी 2026 से अब तक स्वास्थ्य केंद्रो में लिए सैंपल से 32132 जांचे की जा चुकी हैं।

बीएमएचआरसी ने पैथोलॉजी जांच व्यवस्था को वर्तमान नियामकीय प्रावधानों तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाया है। सभी जांचें विशेषज्ञ पैथोलॉजिस्ट की निगरानी में की जा रही हैं, जिससे जांच की गुणवत्ता, सटीकता एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नई व्यवस्था के तहत थायरॉयड प्रोफाइल, विटामिन-डी एवं विटामिन-बी12 जैसी जांचें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो पहले प्रतिदिन स्वास्थ्य केंद्रों में संभव नहीं थीं। संस्थान का प्रयास है कि अधिकतर जांच रिपोर्ट मरीज को अगले दिन ही उपलब्ध करा दी जाएं। भविष्य में मरीजों की सुविधा के लिए जांच रिपोर्ट मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है।

एक्स-रे सेवाएं बंद किए जाने संबंधी दावा भी पूरी तरह निराधार एवं भ्रामक है। बीएमएचआरसी के किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सुविधा समाप्त करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसके विपरीत, स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध एक्स-रे सेवाओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक से सुसज्जित करने की प्रक्रिया चल रही है।

स्वास्थ्य केंद्रों में स्थापित अधिकांश एक्स-रे मशीनें लगभग दो दशक से अधिक पुरानी हो चुकी हैं तथा उनका निर्धारित उपयोगकाल पूरा हो चुका है। अत्यधिक पुरानी होने के कारण इनके रखरखाव एवं मरम्मत में तकनीकी कठिनाइयां आती हैं और इनके स्पेयर पार्ट्स भी उपलब्ध नहीं हो पाते। इसे देखते हुए बीएमएचआरसी ने स्वास्थ्य केंद्रों में नई डिजिटल एक्स-रे मशीनें स्थापित करने का निर्णय लिया है। नई डिजिटल एक्स-रे मशीनों से बेहतर गुणवत्ता वाली इमेज, कम समय में जांच, कम रेडिएशन एक्सपोजर, डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की सुविधा जैसे लाभ मरीजों को मिलेंगे। इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और शीघ्र ही सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में नई डिजिटल मशीनें स्थापित कर दी जाएंगी। नई डिजिटल मशीनें स्थापित होने तक यदि किसी मरीज को एक्स-रे की आवश्यकता होती है, तो उसकी जांच बीएमएचआरसी के मुख्य अस्पताल में की जाएगी। मरीजों के उपचार पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।

बीएमएचआरसी का उद्देश्य गैस पीड़ितों एवं अन्य मरीजों को अधिक आधुनिक, सटीक, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। संस्थान जनहित में स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #हतर #करण #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #एमएचआरस