अहमदाबाद । गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने युवा स्पिनर रवि बिश्नोई की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि आने वाले समय में वह राष्ट्रीय टीम से खेलेंगे।

राशिद ने कहा, बिश्नोई एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। मैंने उनसे काफी बार बात की है। आने वाले समय में वह भारत के लिए एक अच्छे स्पिनर होंगे। इसके लिए उन्हें अपने कौशल पर भरोसा करना होगा। साथ ही टीम को भी उनका समर्थन करना होगा।

राशिद ने इसके अलावा लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की भी जमकर सराहना की। चहल ने इस आईपीएल सत्र में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। इससे पहले के आईपीएल सत्रों में चहल ने आरसीबी की ओर से बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था।

इस गेंदबाज ने कहा, निश्चित रूप से, जिस तरह से उसने भारत के लिए प्रदर्शन किया है, वह सर्वश्रेष्ठ स्पिनर है। उन्होंने भारत के साथ ही पिछले सत्र में आरसीबी के लिए कठिन अवसरों पर गेंदबाजी की है जो बेहद कठिन है। साथ ही कहा कि उन्होंने ज्यादातर मैच बैंगलोर में खेले हैं, जो एक छोटा मैदान है पर इसके बाद भी शानदार तरीके से खेला है।