सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में 21 एवं 22 मार्च 2026 को विश्व जल दिवस 2026 के अवसर पर जल एवं लैंगिक समानता थीम पर आधारित विविध वैज्ञानिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत कार्यशालाएँ, प्रदर्शन (डेमो) एवं जल क्विज़ जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण, सतत विकास एवं सामाजिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है 21 मार्च 2026 को इनोवेशन हब , आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में फोरेंसिक फाइलें और साक्ष्य विश्लेषण विषय पर हैंड्स-ऑन कार्यशाला का आयोजन दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को फिंगरप्रिंट की वैज्ञानिक पहचान एवं जांच की विधियों, फॉरेंसिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के बीच संबंध, विश्लेषण एवं अवलोकन कौशल के विकास तथा फॉरेंसिक विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों आदि से अवगत कराया जाएगा। 22 मार्च 2026 को प्रातः 11:00 बजे से 1:00 बजे तक 3डी प्रिंटिंग तकनीक विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों को 3D प्रिंटिंग की मूल अवधारणाओं, मॉडल निर्माण एवं इसके आधुनिक अनुप्रयोगों से परिचित कराया जाएगा। उक्त दोनों कार्यशालाओं का आयोजन आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल के नवप्रवर्तन केन्द्र (इनोवेशन हब) में किया जाएगा एवं प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पर्यावरणीय जागरूकता एवं आधुनिक प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।