सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामय उपस्थिति में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों का सम्मान करने हेतु विधायक भगवानदास सबनानी के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में नवप्रयास सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति, भोपाल द्वारा तीसरे “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन 12 जुलाई 2026 (रविवार) सायं 4:00 बजे, हंसध्वनि सभागार, रविन्द्र भवन, भोपाल में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों, खेल, कला एवं साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी प्रतिभाएँ होती हैं। जब समाज अपनी प्रतिभाओं का सम्मान करता है, तब वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का वातावरण निर्मित करता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं के सपनों, परिश्रम और उपलब्धियों को मंच प्रदान करने का एक सामाजिक अभियान है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन का अभूतपूर्व स्नेह, सहयोग एवं उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। इसी सफलता से प्रेरित होकर इस वर्ष भी आयोजित होने वाले तीसरे प्रतिभा सम्मान समारोह में लगभग 550 प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
समारोह में वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त खेल, साहित्य, संगीत, नृत्य, चित्रकला, रंगमंच, विज्ञान, तकनीकी नवाचार, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रेरक उद्बोधन सत्र होगा। इस अवसर पर IIIT भोपाल के संस्थापक निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार, तकनीकी शिक्षा एवं भविष्य के रोजगार के अवसरों पर मार्गदर्शन देंगे। वहीं लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश की राज्य समन्वयक (समावेशी शिक्षा) डॉ. मिनी मेहरा विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, जीवन मूल्य, समावेशी शिक्षा, आत्मविश्वास एवं सफलता के सूत्रों पर प्रेरक उद्बोधन देंगी।
इसके साथ ही कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पूर्व वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी तथा प्रतिभागियों एवं अभिभावकों के लिए प्रेरक गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में उत्कृष्टता की भावना विकसित करना, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा समाज के समक्ष ऐसे प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करना है, जिनसे अन्य युवा भी अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर सकें। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
विधायक भगवानदास सबनानी ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभा सम्मान समारोह में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं के प्रेरक अनुभव, विशिष्ट अतिथियों का मार्गदर्शन एवं समारोह का सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और नए लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देगा।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #नसभ #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #उपस #करन